पैतृक जमीन के विवाद में भाई ने भाई की हत्या की
बाजपुर। पैतृक जमीन को लेकर हुए विवाद में एक भाई ने अपने सगे भाई की हत्या कर दी। घटना शुक्रवार देर रात करीब पौने 12 बजे सुल्तानपुर पट्टी पुलिस चौकी क्षेत्र में छोई रोड स्थित एक फार्म हाउस की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बदायूं जिले के अलीनगर गांव निवासी 40 वर्षीय राजू यादव पुत्र खिमानी सिंह छोई रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास फार्म हाउस में काम करता था। दोनों भाई फार्म हाउस में ही साथ रहते थे। शुक्रवार रात दोनों खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पैतृक जमीन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक भाई ने किसी वस्तु से राजू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से राजू लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल नरेश चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हत्या में तेजधार हथियार या किसी भारी वस्तु के इस्तेमाल की आशंका है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

