पुराने विवाद में नाबालिग पर ईंट से हमला, दो आरोपी पकड़े

ख़बर शेयर करें

पुराने विवाद में नाबालिग पर ईंट से हमला, दो आरोपी पकड़े
मुख्य आरोपी विधि विवादित किशोर बाल संप्रेषण गृह भेजा, दूसरे आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ईंट बरामद
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के धानमिल में पुराने विवाद को लेकर एक नाबालिग पर ईंट और पत्थरों से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा है। आरोप है कि 14 अक्टूबर को प्रतिबिम्ब जिम के पास युवकों ने नाबालिग के साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से ईंट व पत्थरों से हमला किया। हमले में किशोर के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी विधि विवादित किशोर को बाल संप्रेषण गृह भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, साउथ एनक्लेव फेज-2 निवासी ललित बिष्ट ने 15 अक्टूबर को मुखानी थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके नाबालिग पुत्र के साथ पुराने विवाद को लेकर मारपीट की गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पूछताछ में सामने आया ईंट से हमला करने का मामला
पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को आरोपियों की तलाश के दौरान मुख्य आरोपी विधि विवादित किशोर के आरटीओ चौकी पहुंचने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उससे पूछताछ की। पूछताछ में किशोर ने अपने साथियों के साथ प्रतिबिम्ब जिम के पास मारपीट होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि मारपीट के दौरान उसके साथी आयुष बालियान ने कार्तिक के सिर पर ईंट से वार किया था।
इसके बाद पुलिस ने आयुष बालियान (19) पुत्र राजीव बालियान, निवासी वार्ड नंबर-2, कालाढूंगी को हिरासत में लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली। मुख्य आरोपी विधि विवादित किशोर को बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
आरोपी के पिता भी हत्या के मामले में जेल में
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, विधि विवादित किशोर के पिता के खिलाफ वर्ष 2024 में अपने चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या करने के मामले में मुखानी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, वह वर्तमान में जेल में हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य, कांस्टेबल धीरज सुगड़ा और कांस्टेबल बलवंत सिंह शामिल रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page