छात्रसंघ चुनाव को लेकर हल्द्वानी में बदलेगा ट्रैफिक प्लान, 29 सितंबर को डायवर्जन
हल्द्वानी। महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव और मतगणना को लेकर पुलिस ने शहर में यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 29 सितंबर को सुबह छह बजे से मतगणना समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान नैनीताल रोड के प्रतिबंधित क्षेत्र में छोटे-बड़े मालवाहन समेत अन्य संबंधित वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा।
बरेली रोड से आने वाले और पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारिमन तिराहा होते हुए गंतव्य को जाएंगे। रामपुर रोड से आने वाले वाहनों को गन्ना सेंटर तिराहा से बरेली रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाले वाहन पंचायतघर तिराहा से आरटीओ रोड होकर जाएंगे।
पर्वतीय क्षेत्रों से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले वाहन नारिमन तिराहा से गोलापार रोड होकर आगे जाएंगे। पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज और केमू बसें भी नारिमन तिराहा से गोलापार रोड, इंद्रानगर गेट/शनिबाजार रोड, मंडी और सिंधी चौराहा होते हुए रोडवेज-केमू स्टेशन पहुंचेंगी। वहीं स्टेशन से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाली बसें रोडवेज के पूर्वी गेट, ताज चौराहा, गोलापुल, गोलापार रोड और नारिमन तिराहा होकर जाएंगी।
काठगोदाम से आने वाले वाहनों के लिए भी डायवर्जन रहेगा। कॉलटैक्स/हाइडिल तिराहा से वाहन पनचक्की तिराहा, चंबल पुल, लालडांठ तिराहा और ऊंचापुल चौराहा होते हुए जाएंगे। आवास विकास तिराहा से वाहन ठंडी सड़क और तिकोनिया चौराहा होकर गंतव्य को जाएंगे। हल्द्वानी से काठगोदाम जाने वाले वाहन तिकोनिया चौराहा, कैनाल रोड, कुल्यालपुरा चौराहा, पानी की टंकी और पनचक्की चौराहा होकर जाएंगे।
एमबी इंटर कॉलेज मैदान में होगी पार्किंग
चुनाव और मतगणना ड्यूटी में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों तथा पत्रकारों के वाहनों की पार्किंग एमबी इंटर कॉलेज ग्राउंड में की जाएगी।
तीन स्थानों पर रहेगा जीरो जोन
चुनाव के दौरान दुर्गा सिटी सेंटर तिराहा से महारानी होटल तिराहा, कुल्यालपुरा चौराहा से सरस्वती रेस्टोरेंट तिराहा तथा कलावती चौराहा से कुल्यालपुरा चौराहा तक जीरो जोन रहेगा। इन मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

