ब्रेकिंग::डामरीकरण के चलते पांच घंटे बंद रहेगा धानाचूली मार्ग, वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद

ख़बर शेयर करें

डामरीकरण के चलते पांच घंटे बंद रहेगा धानाचूली मार्ग
10 बजे से दोपहर तीन बजे तक वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद, भवाली-रामगढ़ होकर जाना पड़ेगा
भीमताल। खुटानी-चांफी-पदमपुरी-धारी-धानाचूली मोटर मार्ग पर सोमवार से 20 अक्टूबर तक डामरीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके चलते मंगलवार से प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। मार्ग बंद होने के दौरान वाहन चालकों को भवाली-रामगढ़ होते हुए आवाजाही करनी पड़ेगी।
लोक निर्माण विभाग ने डामरीकरण कार्य के लिए मार्ग पर पांच घंटे यातायात बंद रखने की अनुमति जिलाधिकारी से मांगी थी। डीएम की अनुमति मिलने के बाद विभाग ने कार्य शुरू करने की तैयारी कर ली है।
सोमवार को सैलानियों की वापसी को देखते हुए विभाग ने यातायात को वाहनों की संख्या के आधार पर संचालित करने का निर्णय लिया है, ताकि पर्यटकों को अनावश्यक परेशानी न हो। मंगलवार से निर्धारित समय में मार्ग पर किसी भी वाहन को आवाजाही की अनुमति नहीं होगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने बताया कि सोमवार से 20 अक्टूबर तक मार्ग पर डामरीकरण का कार्य कराया जाएगा। अनुमति के तहत सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक यातायात बंद रखा जाएगा।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page