भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदी के संगम पर आयोजित प्रसिद्ध जौलजीबी मेले में मंच पर तोड़फोड़ और मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में पुलिस ने कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा कई अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
जानकारी के अनुसार, जौलजीबी मेले के दौरान मंच पर तोड़फोड़ किए जाने और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट के आरोप सामने आए थे। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।
जौलजीबी कोतवाल हरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी के अलावा राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच करते हुए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जौलजीबी मेला सीमांत क्षेत्र का प्रमुख सांस्कृतिक एवं व्यापारिक आयोजन है। ऐसे आयोजन के दौरान विवाद और मारपीट की घटना सामने आने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



