जनगणना 2027: 16 नवंबर से घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना, 30 तक मिलेगा मौका

ख़बर शेयर करें

जनगणना 2027: 16 नवंबर से घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना, 30 तक मिलेगा मौका

नैनीताल जिले में पहली बार स्व-गणना की सुविधा, मोबाइल और लैपटॉप से भर सकेंगे परिवार का पूरा विवरण

नैनीताल। जनगणना 2027 को लेकर नैनीताल जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जनगणना प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए लोगों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा दी जा रही है। इसके तहत परिवार के सदस्य जनगणना प्रगणक के घर पहुंचने का इंतजार किए बिना खुद ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। नैनीताल जिले में यह प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके लिए लोगों को 15 दिन का समय दिया गया है।

मुख्य विकास अधिकारी एवं स्व-गणना के नोडल अधिकारी की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि जनगणना देश के विकास और जनकल्याण की महत्वपूर्ण आधारशिला है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती है। ऐसे में प्रत्येक परिवार की सही जानकारी दर्ज होना जरूरी है। स्व-गणना के लिए लोगों को आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाना होगा। यहां सबसे पहले अपने राज्य और पसंदीदा भाषा का चयन करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। भाषा का चयन करने के बाद उसे बदला नहीं जा सकेगा। बेहतर सुविधा के लिए लैपटॉप या डेस्कटॉप का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  ब्रेकिंग::नैनीताल विधानसभा से सूरज गोडियाल ने ठोकी दावेदारी

परिवार के सभी सदस्यों की देनी होगी जानकारी

स्व-गणना के दौरान परिवार के सभी सदस्यों से संबंधित कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्नों में परिवार के मुखिया का नाम, सदस्यों का नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु और वैवाहिक स्थिति की जानकारी देनी होगी। इसके अलावा पति-पत्नी का नाम, राष्ट्रीयता, धर्म, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित विवरण, माता-पिता की जानकारी और दिव्यांगता से जुड़े सवाल भी शामिल होंगे। मातृभाषा, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, शैक्षिक योग्यता, रोजगार, व्यवसाय और कार्यस्थल तक पहुंचने के साधन से संबंधित जानकारी भी दर्ज करनी होगी।

इसके साथ ही जन्म स्थान, पूर्व निवास, वर्तमान स्थान पर रहने की अवधि और स्थायी पते का विवरण मांगा जाएगा। महिलाओं से जीवित बच्चों की संख्या से संबंधित जानकारी भी ली जाएगी। जारी सूचना के अनुसार, कोविड टीकाकरण, बैंक खाते, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सवाल भी पूछे जाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  ब्रेकिंग::विधायक धामी समेत छः लोगो पर मुकदमा दर्ज

घर की लोकेशन भी करनी होगी दर्ज

ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान परिवार को मानचित्र पर अपने घर की सटीक लोकेशन भी दर्ज करनी होगी। इसके लिए नक्शे पर दिखाई देने वाले लाल मार्कर को घर के सही स्थान पर लगाना होगा। इसके बाद सभी सदस्यों का विवरण भरकर एक बार पूरी जानकारी की समीक्षा करनी होगी। जानकारी सही होने पर परिवार प्रस्तुत करें विकल्प पर क्लिक कर फॉर्म जमा किया जा सकेगा।

प्रगणक को बतानी होगी 11 अंकों की एसई आईडी

स्व-गणना की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी होने के बाद परिवार को ‘P’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशेष स्व-गणना आईडी (एसई आईडी) मिलेगी। यह आईडी स्क्रीन पर दिखाई देगी और मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी। लोगों को इस आईडी का स्क्रीनशॉट लेकर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। जनगणना के दूसरे चरण में जब प्रगणक घर पहुंचेगा तो परिवार को यह आईडी उपलब्ध करानी होगी। प्रगणक अपने मोबाइल से आईडी का मिलान करेगा। मिलान होने के बाद दर्ज जानकारी स्वीकार की जाएगी और प्रक्रिया पूरी करने के लिए दोनों पक्षों के हस्ताक्षर होंगे।

यह भी पढ़ें 👉  राज्यमंत्री भावना मेहरा ने सुनी महिलाओं की समस्याएं, मौके से अधिकारियों को दिए निर्देश

पहले से तैयार रखें परिवार का विवरण

स्व-गणना करने वाले परिवारों को सभी सदस्यों के पूरे नाम, जन्मतिथि, आयु, शिक्षा, व्यवसाय और मातृभाषा की जानकारी पहले से तैयार रखने की सलाह दी गई है। परिवार में बाहर से आकर बसे सदस्यों के पूर्व निवास का पता भी तैयार रखना होगा। इसके अलावा बैंक खाते और पहचान संबंधी दस्तावेजों की जानकारी भी उपलब्ध होनी चाहिए। जारी सूचना के अनुसार, किसी दस्तावेज को पोर्टल पर अपलोड करने की आवश्यकता नहीं होगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर स्व-गणना कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 और व्हाट्सएप नंबर 1800-180-1855 जारी किया गया है। पोर्टल पर प्रगति नाम का वर्चुअल सहायक भी उपलब्ध रहेगा।

Join WhatsApp Group
Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page