कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम बनेगा, अस्पताल का होगा उच्चीकरणमुख्यमंत्री धामी ने नारी शक्ति सम्मान समारोह में की छह बड़ी घोषणाएं

ख़बर शेयर करें


कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम बनेगा, अस्पताल का होगा उच्चीकरण
मुख्यमंत्री धामी ने नारी शक्ति सम्मान समारोह में की छह बड़ी घोषणाएं, 22 महिलाओं को किया सम्मानित
कालाढूंगी, 15 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण, मिनी स्टेडियम का निर्माण और क्षेत्र में 200 विद्युत पोल स्थापित करना प्रमुख हैं। इसके अलावा कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2026-27 के दौरान 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा, जिससे महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति का सम्मान केवल शब्दों और नारों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि महिलाओं को समान अवसर, निर्णय लेने का अधिकार और आत्मनिर्भर बनने के लिए बेहतर संसाधन मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी परिवार, समाज और प्रदेश मजबूत होगा। उत्तराखंड की मातृशक्ति ने अपने परिश्रम, साहस और संघर्ष से हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
कालाढूंगी को मिलीं ये छह सौगातें
मुख्यमंत्री ने कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के लिए छह घोषणाएं करते हुए कहा कि क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोल स्थापित किए जाएंगे। ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण होगा। कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा। गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण होगा। वहीं, कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटन सत्र 2026-27 के दौरान महिलाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा।
एक दिसंबर को 5.20 लाख महिलाओं को मिलेगी सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में काम कर रही हैं। एक दिसंबर को 5.20 लाख महिलाओं के खातों में दो किस्तों में धनराशि भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत अब तक करीब 700 महिलाओं को छह करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी जा चुकी है। वहीं, प्रदेश में 3.50 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से करीब 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं। इस ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है। नंदा गौरा योजना के तहत पात्र बेटियों को जन्म पर 11 हजार और 12वीं पास करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।
मां के संघर्ष को याद कर भावुक हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पहाड़ की महिलाओं के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने बचपन से अपनी मां को सीमित संसाधनों में परिवार की जिम्मेदारियां निभाते देखा है। पहाड़ की महिलाएं सुबह सूरज निकलने से पहले ही घर, खेत, पशुओं और परिवार की जिम्मेदारियों में जुट जाती हैं। उनकी मेहनत और त्याग समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि उनकी मां ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया है। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है।
अंकिता भंडारी प्रकरण पर भी बोले धामी
मुख्यमंत्री ने अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि अंकिता उत्तराखंड की बेटी थी और उसके परिवार का दुख सभी का दुख है। उन्होंने कहा कि मामले में तीनों दोषियों को न्यायालय से आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। पीड़ित परिवार की भावनाओं और मांग का सम्मान करते हुए सरकार ने सीबीआई जांच की संस्तुति भी की है। उन्होंने कहा कि न्याय की प्रक्रिया में हर सच सामने आना चाहिए और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
खिलाड़ियों और विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं का सम्मान
समारोह में खेल, शिक्षा, स्वरोजगार, कृषि, उद्यान, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी संतोषी गुरुरानी, नमिता पाठक, निकिता सिंह, मोनी रावत, चंपा नैनवाल, गीतांजलि, हिना बिष्ट, नमिता, भार्गवी रावत, डौली बिष्ट और भूमिका जयंतवाल शामिल रहीं।
इसके अलावा लखपति दीदी दमयंती बिष्ट, मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में पदमा बोहरा, कंचन भंडारी, ऐपण कला के लिए मंजू रौतेला, सावित्री गर्जोला, वन विभाग से जुड़ी शिवानी रावत, तनुजा खानायत, डौली, पूजा और रूपा सहित अन्य महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, दिनेश आर्य, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, शांति मेहरा, हुकुम सिंह कुंवर, देवेंद्र ढेला, ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़, भावना आर्य, मनीषा जंतवाल, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी और मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page