दो जवान बेटों की अर्थी उठी तो बिलख पड़ा गांव
बैलपड़ाव-बन्नाखेड़ा मार्ग पर कार-बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत, कार चालक गंभीर
पोस्टमार्टम के बाद शनिवार देर शाम गांव पहुंचे दोनों युवकों के शव
कोटाबाग क्षेत्र के धामड़ देव और गिनती गांव के रहने वाले थे मृतक
कालाढूंगी। बैलपड़ाव-बन्नाखेड़ा मोटर मार्ग पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने कोटाबाग क्षेत्र में दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। शनिवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों के शव गांव पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया। दो जवान बेटों की अर्थी उठते देख पूरा गांव गमगीन हो गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे बैलपड़ाव-बन्नाखेड़ा मोटर मार्ग पर कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर बैलपड़ाव पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
चौकी प्रभारी राजबीर सिंह नेगी ने बताया कि हादसे में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान कोटाबाग के धामड़ देव निवासी 30 वर्षीय गौरव बजवाल पुत्र पुष्कर सिंह और गिनती गांव निवासी 25 वर्षीय दर्शन सिंह गिनती पुत्र स्व. दुर्गा सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामनगर भेज दिया था। शनिवार देर शाम पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। दोनों युवकों की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। घरों में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



