पहाड़पानी अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर कांग्रेस का धरना, दो सप्ताह का अल्टीमेटम, मुख्यमंत्री आवास का करेंगे घेराव

ख़बर शेयर करें

पहाड़पानी अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर कांग्रेस का धरना, दो सप्ताह का अल्टीमेटम

  • अस्पताल में पानी, दवाइयों, जांच और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव, कांग्रेस नेता
  • मनोज शर्मा ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी
  • दो सप्ताह में व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं तो देहरादून में मुख्यमंत्री आवास का करेंगे घेराव

भीमताल। धारी ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़पानी में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर शनिवार को कांग्रेस नेता मनोज शर्मा के नेतृत्व में अस्पताल परिसर में धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने शामिल होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहद खराब है। पहाड़पानी स्थित अस्पताल की इमारत रंगरोगन और रखरखाव के अभाव में जर्जर होती जा रही है। अस्पताल में न गेट है और न ही बाउंड्रीवाल। यहां तक कि पेयजल की व्यवस्था भी नहीं है। उन्होंने कहा कि जब अस्पताल के स्टाफ को ही पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है तो मरीजों को किस तरह सुविधाएं मिल रही होंगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में पैथोलॉजी और एक्स-रे जैसी जरूरी जांच सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। दवाइयों के नाम पर भी सीमित दवाएं ही मिल रही हैं। ऐसे में अस्पताल महज रेफर सेंटर बनकर रह गया है। स्थानीय लोगों को मामूली रक्त जांच के लिए भी शहरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं और हजारों रुपये खर्च करने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने से चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी भी मरीजों को बेहतर उपचार देने में असमर्थ हैं।
मनोज शर्मा ने क्षेत्रीय सांसद और विधायक पर जनता को केवल आश्वासन देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता के सब्र की परीक्षा न ली जाए। क्षेत्रवासियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि सरकार को स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए दो सप्ताह का समय दिया जाएगा। यदि इस अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रीय जनता के साथ देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष धारी सतीश चंद्र, सरपंच आनंद प्रकाश, ग्राम प्रधान अनरपा प्रियंक मिश्रा, भूपेश महतोलिया, राजेंद्र प्रसाद मेलकानी, गणेश वर्मा, पूर्व प्रधान जीवन चंद्र, नंदन आर्या, रघुवीर सिंह नगरकोटी और गजानन शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page