भीमताल सीएचसी का देर रात मंत्री कैड़ा ने किया औचक निरीक्षण
बोले- मरीजों के उपचार में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गंभीर स्थिति में ही किया जाए रेफर
भीमताल। कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने गुरुवार देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भीमताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में तैनात चिकित्सकों से मरीजों के उपचार, आपातकालीन सेवाओं और उपलब्ध चिकित्सा संसाधनों की जानकारी ली।
मंत्री कैड़ा ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि अस्पताल पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों का प्राथमिकता के आधार पर भीमताल सीएचसी में ही उपचार किया जाए। सामान्य बीमारियों और छोटी-मोटी आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अनावश्यक रूप से अन्य अस्पतालों में रेफर न किया जाए। केवल अत्यंत गंभीर स्थिति में ही उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए मरीज को रेफर किया जाए।
उन्होंने कहा कि भीमताल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग उपचार के लिए इसी अस्पताल पर निर्भर हैं। ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही मरीजों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। चिकित्सक मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बरतें और आपातकालीन स्थिति में तत्काल उपचार सुनिश्चित करें।
मंत्री ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उनका प्रयास है कि क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलें, ताकि उन्हें उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों की सेवा सर्वोपरि है और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



