भीमताल में दो दिवसीय लेक कार्निवाल कल से, सजेगी लोक संस्कृति और बॉलीवुड संगीत की महफिल
14 नवंबर को स्वाति भट्ट और किशन महिपाल देंगे प्रस्तुति, 15 को बॉलीवुड नाइट में द तत्व बैंड मचाएगा धूम
भीमताल। पर्यटन नगरी भीमताल में 14 और 15 नवंबर को दो दिवसीय लेक कार्निवाल का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्निवाल के दौरान पर्यटकों और क्षेत्रवासियों को उत्तराखंड की लोक संस्कृति के साथ बॉलीवुड संगीत का भी आनंद लेने का मौका मिलेगा। दोनों दिन शाम सात बजे से डांठ में सांस्कृतिक एवं संगीत संध्याओं का आयोजन होगा।
लेक कार्निवाल आयोजन समिति के सचिव नितेंद्र राणा ने बताया कि 14 नवंबर को कार्निवाल की पहली शाम उत्तराखंड फोक नाइट के नाम रहेगी। इसमें प्रसिद्ध लोकगायिका स्वाति भट्ट और लोकगायक किशन महिपाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही विहान सांस्कृतिक ग्रुप अल्मोड़ा के कलाकार भी लोक संस्कृति की छटा बिखेरेंगे।
उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को कार्निवाल की दूसरी शाम बॉलीवुड नाइट के रूप में आयोजित होगी। इसमें दिल्ली का प्रसिद्ध द तत्व बैंड अपनी संगीत प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेगा। वहीं रुद्रपुर का हुड़किया बैंड भी अपनी प्रस्तुति देगा।
पार्किंग की रहेगी वैकल्पिक व्यवस्था
कार्निवाल के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए डांठ पार्किंग और दीनदयाल पार्क स्थित पार्किंग स्थल बंद रहेंगे। वाहनों की पार्किंग एलपी इंटर कॉलेज और जिला पंचायत डाक बंगले में की जाएगी।
समिति सचिव ने क्षेत्रवासियों और पर्यटकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्निवाल का आनंद लेने की अपील की।
इस दौरान आयोजन समिति के सहसंयोजक पंकज जोशी, उपाध्यक्ष नीतेश बिष्ट, सांस्कृतिक सचिव पूरन जोशी, संयुक्त सचिव शरद पांडे और मोहित पडियार, कमल जोशी, पंकज उप्रेती, प्रकाश कनोजिया, प्रकाश आर्या, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत और सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



