देहरादून में 23 से 25 अक्टूबर तक सजेगा किताब कौतिक
75 प्रकाशकों की 80 हजार किताबें होंगी आकर्षण का केंद्र, साहित्य से लेकर करियर काउंसलिंग तक होंगे कार्यक्रम
देहरादून। पहाड़ की संस्कृति, साहित्य और युवाओं में पढ़ने-लिखने की आदत को बढ़ावा देने वाली संस्था क्रिएटिव उत्तराखंड की ओर से 23 से 25 अक्टूबर तक दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में 16वां ‘देहरादून किताब कौतिक’ आयोजित किया जाएगा। ‘आओ, दोस्ती करें किताबों से’ संदेश के साथ आयोजित होने वाले पुस्तक मेले में देशभर के करीब 75 प्रकाशकों की 80 हजार पुस्तकें पाठकों के लिए उपलब्ध रहेंगी।
शनिवार को दून पुस्तकालय के एम्फी थिएटर में आयोजन को लेकर परिचर्चा बैठक हुई। इसमें आयोजन समिति का गठन किया गया। संयोजक हेम पंत ने बताया कि संस्था की ओर से अब तक टनकपुर, बैजनाथ, चंपावत, पिथौरागढ़, द्वाराहाट, भीमताल, नानकमत्ता, रानीखेत, नई टिहरी, पंतनगर, गैरसैंण और डीडीहाट समेत विभिन्न स्थानों पर 15 किताब कौतिक आयोजित किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि किताब कौतिक का उद्देश्य केवल देहरादून में 80 हजार पुस्तकें लाना नहीं, बल्कि युवाओं के मन में जिज्ञासा, रचनात्मकता और पढ़ने की आदत का बीज बोना है।
मेले में साहित्यिक परिचर्चा, लेखकों से सीधी बातचीत, विज्ञान एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कॉर्नर, नेचर वॉक, साहसिक खेल, सांस्कृतिक संध्या, हस्तशिल्प स्टॉल और विभिन्न कार्यशालाएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पपेट निर्माण, भाषा-संस्कृति और वॉल पेंटिंग की कार्यशालाएं भी आयोजित होंगी। स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताएं भी होंगी।
खास बात यह होगी कि आयोजन से पहले देहरादून के विभिन्न स्कूलों में पांच दिवसीय ‘बालप्रहरी बाल लेखन कार्यशाला’ आयोजित की जाएगी। इसमें बच्चे अपनी हस्तलिखित पुस्तकें तैयार करेंगे और किताब कौतिक में इन पुस्तकों का स्टॉल भी लगाएंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों और आम लोगों के लिए करियर काउंसलिंग, काव्य गोष्ठी और सांस्कृतिक संध्या के कार्यक्रम होंगे।
बैठक में हेम पंत, दयाल पांडे, भारती पांडे, प्रवीन कुमार भट्ट, रमाकांत बेंजवाल, बीना बेंजवाल, हेमा तिवारी, देवेश जोशी, प्रेम पंचोली, मनोज पांडे, दीप्ति भट्ट और प्रो. शशि समेत साहित्यकार, शिक्षक, शोधार्थी, रंगकर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

