बेतालघाट ब्लॉक के कलुवाबगड़-रोपा पुल के पास कोसी नदी में बहे 17 वर्षीय किशोर का शव शुक्रवार को 50 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। बुधवार को नदी में डूबे किशोर की खोज में जुटी पुलिस, एसडीआरएफ, प्रशासन और गोताखोरों की टीम ने तीन दिन तक नदी का 15 किमी हिस्सा छान मारा।
बिनकोट निवासी भुवन चंद्र का बेटा दीपक कुमार साथियों संग बुधवार को कोसी नदी में नहाने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नदी में डूब गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तलाश शुरू की। बुधवार से चलाए जा रहे अभियान के तहत नदी के आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोजबीन की गई। शुक्रवार को तीसरे दिन सुबह से ही एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम ने सर्च अभियान शुरू किया। शाम करीब 3:30 बजे घटनास्थल से लगभग 150 मीटर दूर कोसी नदी में दीपक का शव बरामद हुआ। पुलिस टीम उसे सीएचसी बेतालघाट लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेतालघाट थानाध्यक्ष विजय नेगी ने बताया कि शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



