भवाली में टैक्सी यूनियन का बड़ा ऐलान: कैंची धाम शटल सेवा बंद करने की चेतावनी

ख़बर शेयर करें

भवाली। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम को जाने वाली शटल सेवा को लेकर टैक्सी यूनियन ने शटल सेवा बन्द की चेतावनी दी हैं। भवाली टैक्सी यूनियन ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे शटल सेवा बंद कर देंगे। जानकारी के अनुसार, नैनीताल और भवाली से संचालित 50 से अधिक टैक्सी स्कूटी इन दिनों सेनिटोरियम बाईपास से कैंची धाम तक यात्रियों को ले जा रही हैं। कुछ स्कूटी वाले यात्रियों से 600 से 800 रुपये तक किराया वसूल रहे हैं, जबकि इस संचालन के लिए प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक अनुमति नहीं है।
टैक्सी यूनियन के उपाध्यक्ष व टैक्सी संचालक संजय लोहनी ने बताया कि इस अवैध संचालन की शिकायत प्रशासन और आरटीओ विभाग को दे दी गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय टैक्सी चालकों की आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है।
यूनियन का कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द हस्तक्षेप कर व्यवस्था को नियंत्रित नहीं किया, तो मजबूरन वे अपनी शटल सेवा बंद कर देंगे, जिससे यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है और कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल पाती है या नहीं।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page