भवाली। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत शुक्रवार को कैंची धाम के समीप तल्ला निगलाट क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया। एसडीएम अनुराग आर्या के निर्देशन में राजस्व विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा चिन्हित अतिक्रमण को ध्वस्त कराया। कार्रवाई के दौरान सड़क की सीमा में बनाया गया एक अवैध गेट हटाया गया। इसके अलावा सड़क किनारे बिना अनुमति संचालित किए जा रहे एक अवैध होटल पर भी कार्रवाई करते हुए उसे हटवा दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई के एसडीएम अनुराग आर्या ने बताया कि पूर्व में जिन स्थानों पर अतिक्रमण चिन्हित किया गया था, वहां चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि और सड़क की सीमा पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध रूप से संचालित होटल को भी हटाया गया है और भविष्य में भी इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सरकारी भूमि या सड़क किनारे किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण न करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

