भीमताल के ऐतिहासिक हरेला मेले को राजकीय मेला घोषित करने की मांग
भीमताल। भारतीय जनता पार्टी पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ, जिला नैनीताल के जिला संयोजक अखिलेश सेमवाल ने उत्तराखंड सरकार से भीमताल के ऐतिहासिक हरेला मेले को राजकीय मेले का दर्जा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश काल से आयोजित हो रहा यह मेला उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति संरक्षण की भावना का प्रतीक है।
अखिलेश सेमवाल ने कहा कि भीमताल का हरेला मेला केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि कुमाऊँ की ऐतिहासिक पहचान भी है। इस मेले का स्थानीय लोग पूरे वर्ष इंतजार करते हैं और मेले के दौरान उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक एवं श्रद्धालु भीमताल पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि हरेला मेले से स्थानीय व्यापारियों, होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों, हस्तशिल्प से जुड़े लोगों और छोटे कारोबारियों को रोजगार एवं व्यापार के बेहतर अवसर मिलते हैं। यदि इस मेले को राजकीय मेले का दर्जा मिलता है तो इसकी भव्यता और पहचान में और वृद्धि होगी तथा भीमताल राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित होगा।
अखिलेश सेमवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भीमताल के ऐतिहासिक हरेला मेले को राजकीय मेला घोषित करने की मांग की। उनका कहना है कि इससे उत्तराखंड की लोक परंपराओं को संरक्षण मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

