भवाली। भीमताल रोड स्थित भवाली रोडवेज बस स्टेशन सोमवार को अचानक ‘औली बस स्टेशन’ में तब्दील नजर आया, जिसे देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए। दरअसल, यहां देर रात तक फिल्म गिरगिट की शूटिंग चलती रही, जिसके लिए बस स्टेशन को औली के रूप में सजाया गया था। फिल्म की शूटिंग में अभिनेत्री निर्मित कौर और अभिनेता जिम्मी शेरगिल मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। शूटिंग के लिए भवाली रोडवेज बस स्टेशन कार्यशाला को पूरी तरह से औली बस स्टेशन का रूप दिया गया, जिससे वहां का माहौल बिल्कुल अलग दिखा। शूटिंग के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुटी रही और कई लोग फिल्मी सितारों की एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखे। इस दौरान क्षेत्र में हलचल बनी रही और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।उत्तराखंड बन रहा फिल्म शूटिंग का पसंदीदा ठिकाना उत्तराखंड की खूबसूरत वादियां और प्राकृतिक लोकेशन अब फिल्म निर्माताओं को लगातार आकर्षित कर रही हैं। पिछले कुछ वर्षों में राज्य में फिल्मों, वेब सीरीज और विज्ञापनों की शूटिंग तेजी से बढ़ी है। सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाएं और सरल अनुमति प्रक्रिया भी इसके पीछे अहम कारण मानी जा रही है। भवाली, नैनीताल, भीमताल और औली जैसे पर्यटन स्थल अब फिल्मकारों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। इससे न केवल राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह की शूटिंग से क्षेत्र की पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और आने वाले समय में उत्तराखंड फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा केंद्र बन सकता है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

