भवाली। कैंची धाम में लगातार बढ़ रही यातायात समस्या को लेकर भाजपा पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अखिलेश सेमवाल ने स्थानीय लोगों, व्यापारियों और पुलिस प्रशासन से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग कैंची धाम में लगने वाले जाम का प्रमुख कारण बन रही है, जिससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।अखिलेश सेमवाल ने स्थानीय निवासियों, होटल, होमस्टे, रेस्टोरेंट, दुकानदारों एवं अन्य व्यापारियों से आग्रह किया कि वे स्वयं सड़क किनारे वाहन पार्क न करें और अपने मेहमानों व ग्राहकों को भी सड़क पर वाहन खड़ा करने से रोकें। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग जिम्मेदारी निभाएं तो जाम की समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।उन्होंने कैंची पुलिस से भी सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग पर नियमित निगरानी रखने और प्रभावी कार्रवाई करने का अनुरोध किया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।सेमवाल ने कहा कि कैंची धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। इसकी व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है। उन्होंने सभी से मिलकर स्वच्छ, सुरक्षित और जाम मुक्त कैंची धाम के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

