भवाली। समर्पण स्वायत्त सहकारिता तल्ला रामगढ़ की वार्षिक आम सभा बैठक शुक्रवार को विकासखंड रामगढ़ के ब्लॉक सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहकारिता की अध्यक्ष श्रीमती आनंदी देवी हरनवाल ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं समूह की प्रार्थना ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’ के साथ किया गया। इस दौरान मंचासीन पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं बैच लगाकर स्वागत किया गया। बैठक में जिला पंचायत सदस्य पुष्पा नेगी, ब्लॉक प्रमुख रामगढ़ दीपचंद आर्य, सहायक खंड विकास अधिकारी समीम अहमद, रीप ब्लॉक के मूल्यांकन एवं अनुश्रवण अधिकारी जितेंद्र सिंह बिष्ट, सोबन सिंह बिष्ट, पुष्कर बोहरा, एनआरएलएम के एरिया कोऑर्डिनेटर परमजीत मेहरा, बिजनेस प्रमोटर रोमी रावत समेत विभिन्न स्वायत्त सहकारिताओं के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में बिजनेस प्रमोटर्स ने सहकारिता के आय-व्यय एवं लेखा-जोखा का विवरण प्रस्तुत किया। साथ ही सहकारिता की ओर से संचालित विभिन्न गतिविधियों और कार्यों की जानकारी शेयरधारकों को दी गई। कार्यक्रम में समर्पण स्वायत्त सहकारिता, प्रगति स्वायत्त सहकारिता तथा स्वाभिमान स्वायत्त सहकारिता के पदाधिकारी और स्टाफ सहित समस्त शेयरधारक उपस्थित रहे।
इस दौरान मंचासीन पदाधिकारियों ने सहकारिता की गतिविधियों, महिला समूहों की भूमिका और विकास कार्यों को लेकर अपने विचार रखे। अंत में अध्यक्ष श्रीमती आनंदी देवी हरनवाल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए वार्षिक आम सभा का सफलतापूर्वक समापन किया। सभी शेयर धारकों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का आभार जताया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

