रामगढ में चार दिन से अंधेरे में पर्यटक कारोबार
सोमवार शाम बिजली विभाग का जलाया पुतला
एक्वेरियम में रखी 10 मछलियों की मौत बिजली नही आने से हो गई मौत
भवाली। रामगढ़ बाजार में पिछले चार दिनों से बिजली गुल रहने से जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। लगातार अंधेरे के कारण व्यापार, पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। हालात से त्रस्त व्यापारियों और स्थानीय लोगों का सब्र आखिरकार 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के दिन जवाब दे गया और देर शाम बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला फूंका गया। बिजली न होने से बाजार की दुकानों में लगे एक्वेरियम में ऑक्सीजन सप्लाई बंद हो गई, जिससे 10 मछलियों की मौत हो गई। वहीं रामगढ़ पहुंचे पर्यटक मजबूरी में रेस्टोरेंटों में अंधेरे में भोजन करते नजर आए, जिससे पर्यटन क्षेत्र की छवि को भी नुकसान पहुंचा।
स्थिति यहीं नहीं रुकी। सीएचसी रामगढ़ में डॉक्टरों को मोबाइल टॉर्च और इमरजेंसी लाइट के सहारे मरीजों को देखना पड़ा, जो स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के दिन भी बाजार अंधेरे में डूबा रहा, जिससे व्यापारियों में भारी रोष देखा गया। देर शाम ग्राम प्रधान लता जोशी, व्यापार मंडल अध्यक्ष अभय पाण्डे के नेतृत्व में व्यापारियों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
उमागढ़ ग्राम प्रधान लता जोशी और व्यापार मंडल अध्यक्ष अभय पाण्डे ने कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद विभाग की लापरवाही थम नहीं रही है। चार दिन से बिजली गुल होना यह साबित करता है कि पहाड़ी क्षेत्रों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। कहा अगर अब भी बिजली नही आई तो आंदोलन होगा।
प्रदर्शन के दौरान नवाब हुसैन, अंकित दरमवाल, अजय पाण्डे, तारा भट्ट, साकेत लोशाली सहित कई व्यापारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

