2500 से अधिक शव यात्राओं में दिया साथ, लावारिस शवों का भी किया अंतिम संस्कार, 89 वर्ष की आयु में मोहन सिंह कैड़ा का निधन, भवाली में शोक की लहर

ख़बर शेयर करें
  • 89 वर्ष की आयु में मोहन सिंह कैड़ा का निधन, भवाली में शोक की लहर

भवाली। नगर पालिका भवाली के सेवानिवृत्त कर्मचारी मोहन सिंह कैड़ा का बुधवार को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। कैड़ा ने अपने जीवनकाल में मानव सेवा की ऐसी मिसाल पेश की, जिसे क्षेत्रवासी लंबे समय तक याद रखेंगे। उन्होंने करीब 2500 से अधिक शव यात्राओं में शामिल होकर दिवंगत लोगों को अंतिम विदाई देने में सहयोग किया। इतना ही नहीं उन्होंने कई लावारिस शवों का भी अंतिम संस्कार कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी। स्थानीय निवासी दिलीप नेगी ने बताया कि
कैड़ा का जीवन समाजसेवा और मानवीय संवेदनाओं को समर्पित रहा। कई वर्ष पहले भवाली के सेनेटोरियम अस्पताल में टीबी के मरीजों की मृत्यु होने पर कई बार उनके परिजन समय पर अंतिम संस्कार के लिए नहीं पहुंच पाते थे। ऐसे कठिन समय में कैड़ा आगे आते थे। सीमित संसाधनों के बावजूद वह अधजले शवों का अंतिम संस्कार कर अपनी जिम्मेदारी निभाते थे। उन्होंने बिना किसी स्वार्थ के वर्षों तक यह सेवा जारी रखी। उनकी इस निस्वार्थ सेवा के कारण क्षेत्र के लोगों के बीच उनके प्रति गहरा सम्मान रहा। उन्होंने अपने कार्यों से यह संदेश दिया कि मानवता और सेवा का भाव ही जीवन की सबसे बड़ी पहचान है। दूसरों के दुख में साथ खड़े रहने वाले कैड़ा ने जीवनभर समाज के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन किया। अंतिम संस्कार गुरुवार को रानीखेत रोड़ स्थित श्मशान घाट में किया जाएगा।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page