भट्टों की पूजा के बाद कैंची धाम में शुरू हुआ मालपुए बनाना शुरू

ख़बर शेयर करें
  • 15 जून को मिलेगा बाबा का प्रसाद

मथुरा से आए कारीगर दिन-रात जुटे, स्थापना दिवस पर देश-विदेश से पहुंचेंगे श्रद्धालु
भवाली। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में 15 जून को होने वाले स्थापना दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शुक्रवार को विधि-विधान से भट्टों (मालपुआ बनाने वाले स्थान) की पूजा-अर्चना के बाद बाबा के प्रिय प्रसाद मालपुए बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया। मथुरा से पहुंचे कारीगर लगातार प्रसाद तैयार करने में जुट गए हैं। यह सिलसिला 15 जून तक जारी रहेगा। नीब करौरी बाबा के धाम में स्थापना दिवस पर मिलने वाले मालपुए का भक्तों को पूरे साल इंतजार रहता है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु बाबा का प्रसाद पाने के लिए घंटों कतार में खड़े रहते हैं। तेज धूप और बारिश के बावजूद भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखाई देती। बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हजारों लोग लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते हुए प्रसाद ग्रहण करते हैं। स्थापना दिवस को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। मंदिर परिसर में रंग-बिरंगी लाइटों और झालरों से सजावट की गई है, जिससे धाम की भव्यता और बढ़ गई है। मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी मंजुल जोशी ने कहा कि स्थापना दिवस पर देश-विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने भक्तों से बाबा का आशीर्वाद लेने और प्रसाद ग्रहण करने के लिए धाम पहुंचने की अपील की।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page