नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 2 जोन और 11 सेक्टरों में बांटा नैनीताल जनपद
11 केंद्रों पर 3874 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, सुरक्षा और पारदर्शिता पर रहेगा विशेष फोकस
हल्द्वानी, 19 जून।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए नैनीताल जनपद को 2 जोन और 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर कुल 3874 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक में परीक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सघन जांच, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बायोमैट्रिक उपस्थिति के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दी जाए।
उन्होंने सभी केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए बैकअप व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालयों की व्यवस्था और परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।
परीक्षा के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने बताया कि परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र को सेक्टर बनाया गया है। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। नीट परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी।
बैठक में मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, सिटी कोऑर्डिनेटर, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक मौजूद
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

