भीमताल में स्थापित हो 101 फीट ऊंचा तिरंगा
पर्यटन नगरी की पहचान को मिलेगी नई ऊंचाई, राष्ट्रीय पर्वों पर बन सकेगा प्रमुख आयोजन स्थल
भीमताल। पर्यटन नगरी भीमताल में 101 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) स्थापित करने की मांग उठी है। भाजपा पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अखिलेश सेमवाल ने नगर पालिका और प्रदेश सरकार से उपयुक्त स्थान का चयन कर भव्य तिरंगा स्थापित करने की मांग की है।
अखिलेश सेमवाल ने कहा कि भीमताल उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। ऐसे में नगर में 101 फीट ऊंचा तिरंगा स्थापित होने से भीमताल की पहचान को एक नई ऊंचाई मिलेगी। उन्होंने कहा कि विशाल तिरंगा देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बनने के साथ ही युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को भी मजबूत करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय निकायों और सामाजिक संस्थाओं की ओर से ऊंचे तिरंगे स्थापित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भीमताल जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन नगर में भी आकर्षक एवं भव्य तिरंगा लगाया जाना चाहिए। इससे नगर में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के लिए यह प्रमुख आकर्षण का केंद्र बन सकता है।
सेमवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर तिरंगे के आसपास विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं। इससे भीमताल में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और नगर की राष्ट्रीय पहचान मजबूत होगी।
उन्होंने नगर पालिका एवं प्रदेश सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द उपयुक्त स्थल चिह्नित कर 101 फीट ऊंचा तिरंगा स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनभावना से जुड़ी इस मांग पर सरकार और नगर पालिका सकारात्मक पहल करते हुए शीघ्र निर्णय लेंगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

