शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत
चार माह पहले काम की तलाश में अल्मोड़ा से आया था हल्द्वानी, तय हो चुकी थी शादी
हल्द्वानी। मोटाहल्दू बाइपास पर मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे घर के बाहर लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे तत्काल सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां खुशियां मातम में बदल गईं।
मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के ग्राम गल्ली, पोस्ट कफलनी (दन्या) निवासी महेंद्र कुमार पुत्र किशन राम रामपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में कुक का काम करता था। परिजनों के अनुसार वह करीब चार माह पहले ही काम की तलाश में अल्मोड़ा से हल्द्वानी आया था। मंगलवार को वह रामपुर रोड से मोटाहल्दू बाइपास होते हुए बरेली रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक घर के बाहर लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। महेंद्र के नाक, कान और मुंह से खून निकलने लगा।
हादसे की सूचना पर टीपी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महेंद्र को सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
टीपी नगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक के बड़े भाई बसंत कुमार ने महेंद्र की शिनाख्त की। बसंत ने बताया कि दोनों भाइयों की शादी तय हो चुकी थी और परिवार में एक साथ शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर में विवाह को लेकर उत्साह का माहौल था, लेकिन महेंद्र की अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



