2.35 लाख नोटिसों पर 100 फीसदी सुनवाई पूरी, 15 सितंबर को होगा अंतिम प्रकाशन
हल्द्वानी। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत सोमवार को तहसील हल्द्वानी के एनआईसी कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। अधिकारियों ने प्रतिनिधियों की समस्याओं और सवालों का निस्तारण किया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने बताया कि राजनीतिक दलों के साथ प्रत्येक सोमवार को साप्ताहिक बैठक की जा रही है। बैठक में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) भी मौजूद रहे। राजनीतिक दलों की ओर से उठाए गए प्रश्नों और समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
उन्होंने बताया कि बारिश के कारण कुछ मतदाता हियरिंग में उपस्थित नहीं हो सके थे। ऐसे मतदाताओं को अतिरिक्त अवसर दिया जा रहा है। 6, 7 और 8 सितंबर की हियरिंग में अनुपस्थित रहने वाले मतदाता 7 से 9 सितंबर तक अपने संबंधित बूथों पर पहुंचकर अपनी बात रख सकते हैं। इसके बाद भी जो मतदाता निर्धारित तिथियों में उपस्थित नहीं हो पाएंगे, उन्हें 10 और 11 सितंबर को अतिरिक्त अवसर दिया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि हियरिंग की निर्धारित अवधि 7, 8 और 9 सितंबर है तथा फिलहाल तिथि बढ़ाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि हियरिंग प्रक्रिया सुचारु रूप से चल रही है और इस स्तर से तिथि बढ़ाने का प्रावधान नहीं है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपील की है कि जिन मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हुआ है, वे निर्धारित समय पर अपने संबंधित एआरओ के समक्ष उपस्थित होकर अपनी समस्या से अवगत कराएं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा निर्वाचन कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
अधिकारियों के अनुसार जिले में कुल 6,93,325 मतदाता हैं। इनमें से जारी किए गए करीब 2,35,000 नोटिसों पर 100 प्रतिशत सुनवाई पूरी की जा चुकी है। SIR-2026 की प्रक्रिया के तहत अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
बैठक में उप जिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, उप जिलाधिकारी कालाढूंगी सुधीर कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित कांग्रेस से मयंक भट्ट, राम सिंह नगरकोटी, अनिल अग्रवाल, प्रशांत जोशी, संजू उप्रेती, भाजपा से दिनेश खुलबे, बहादुर सिंह नगदली, प्रकाश पटवाल और बसपा से हरिश चंद सिनोली सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

