190 नशीले इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

बनभूलपुरा में 190 नशीले इंजेक्शन के साथ युवक गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, गौला पार्किंग में जलाल शाह बाबा मजार के पीछे से पकड़ा गया आरोपी
हल्द्वानी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस और कुमाऊं परिक्षेत्र की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने 190 नशीले इंजेक्शन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 95 बुप्रेनॉर्फिन और 95 एविल इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में बनभूलपुरा पुलिस तथा कुमाऊं परिक्षेत्र की एएनटीएफ टीम ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान गौला पार्किंग में जलाल शाह बाबा की मजार के पीछे से एक युवक को गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान अदनान कुरैशी उर्फ खुजाट (23) पुत्र अयूब कुरैशी, निवासी वारसी मदरसे के पीछे, लाइन नंबर 17, बनभूलपुरा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद लाल रंग के बैग से 95 बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन और 95 एविल इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, बरामद इंजेक्शनों की कुल संख्या 190 है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में मुकदमा संख्या 170/2026 दर्ज किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत कार्रवाई की गई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई में बनभूलपुरा पुलिस के उपनिरीक्षक जगवीर सिंह और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे। वहीं, एएनटीएफ कुमाऊं परिक्षेत्र की टीम से उपनिरीक्षक जगदीप सिंह नेगी, उपनिरीक्षक विनोद जोशी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और कांस्टेबल इसरार अहमद शामिल रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page