अंबेडकर रैली के दौरान हादसा, ट्रैक्टर पलटने से 17 वर्षीय बालक की मौत
काशीपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर निकाली जा रही रैली के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर पलटने से शिवनगर निवासी 17 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि यह हादसा कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के हरिनगर में हुआ, जहां अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में रैली निकाली जा रही थी। रैली कुंडेश्वरी से शुरू होकर हरिनगर पहुंची थी।
जैसे ही रैली हरिनगर स्थित गुरुद्वारे के पास पहुंची, एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में पलट गया। ट्रैक्टर पर सवार युवक उसके नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए ट्रैक्टर को सीधा किया और घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को काशीपुर के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

