कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़, 17 की मौत
तेज बारिश के बीच उमड़ी भीड़, 25 से अधिक घायल; प्रधानमंत्री ने आर्थिक सहायता की घोषणा की
कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शनिवार शाम दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया। उत्तरी कोलकाता के चोरबागान स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में महासप्तमी के दौरान हुई इस घटना में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 7:40 बजे पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए बड़ी संख्या में लोग पंडाल के भीतर जमा हो गए। भीड़ का दबाव बढ़ने से वहां अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई।
लकड़ी का ढांचा टूटने से मची अफरा-तफरी
सूत्रों के अनुसार, पंडाल में भीड़ का दबाव बढ़ने से लकड़ी के ढांचे का एक हिस्सा टूट गया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। हादसे में घायल लोगों को कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने पंडाल की लाइटें बंद कर श्रद्धालुओं की आवाजाही रोक दी। सुरक्षा के मद्देनजर शहर के कई अन्य दुर्गा पूजा पंडालों को भी बंद कर दिया गया।
प्रधानमंत्री ने जताया दुख, आर्थिक सहायता की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी घटना पर शोक जताया और रविवार के अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
हादसे के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने घटना में 17 लोगों की मौत की पुष्टि की।
सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
पश्चिम बंगाल सरकार ने हादसे के संबंध में जानकारी प्राप्त करने और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। परिजन टोल-फ्री नंबर 18003455678 और 03322141310 पर संपर्क कर सकते हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें



