अग्निवीर बनने को पहले दिन 13 सौ युवक पहुँचे

ख़बर शेयर करें

चम्पावत जिले के बनबसा स्थित मिलिट्री स्टेशन में सेना की अग्निवीर भर्ती शुरू हो गई है। पहले दिन एक नवंबर को पिथौरागढ़ जिले की पिथौरागढ़, मुनस्यारी, डीडीहाट, बंगापानी, थल और तेजम तहसील के युवकों ने किस्मत आजमाई। इस दौरान पहले दिन 1300 अभ्यर्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।आज से शुरू हुई सेना की इस भर्ती में कुमाऊं के दो जिलों के युवाओं को सेवा में किस्मत आजमाने का मौका मिल रहा है। भर्ती अधिकारी ने बताया कि रात्रि दो बजे से डाक्यूमेंट्स चेकिंग शुरू हुई और छह बजे से दौड़ शुरू हुई। दौड़ में सफल हुए अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता की परीक्षा हुई।प्रपत्रों की जांच के लिए शिक्षा विभाग का भी सहयोग लिया जा रहा है। अग्निवीर भर्ती को सफल करने के लिए सेना के अधिकारी, जवान भर्ती को संपन्न कराने में सहयोग कर रहे हैं। प्रशासन ने युवाओं के लिए कई स्थानों पर रहने और खानपान की व्यवस्था की है तथा उचित दरों पर युवाओं को भोजन उपलब्ध हो रहा है। उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के विधायक प्रतिनिधि दीपक रज़वार ने बताया कि निःशुल्क भोजन सेवा भी उपलब्ध कराई गई है ।पुलिस की टीम भी नियमित गश्त पर है। भीड़ न हो और आम नागरिक को परेशानी ना हो इसलिये पुलिस कर्मियों की एक टीम खटीमा-टनकपुर एनएच पर लगातार गश्त कर रही है। तथा आर्मी कैंट एरिया के पास हाईवे होने के कारण वाहनों को धीरे चलने के बोर्ड भी लगाए गए हैं। इस दौरान दौड़ में असफल हुए कई युवा मायूस दिखाई दिए तथा कुछ युवा बाहर आते ही जोर-जोर से रोने लगे जिन्हें स्थानीय लोगों द्वारा समझाया गया।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page