100.52 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, ऑपरेशन प्रहार के तहत हल्द्वानी पुलिस की कार्रवाई
हल्द्वानी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हल्द्वानी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक युवक को 100.52 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 अगस्त को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने आनंदपुर गैस गोदाम तिराहे से करीब 60 मीटर पंचायतघर की ओर सड़क किनारे चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने यूके04एएस-2865 नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली। तलाशी में बाइक सवार के कब्जे से 100.52 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विक्रम आर्या (29) पुत्र स्व. मोहन राम निवासी आनंदपुर, थाना मुखानी, नैनीताल बताया। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली हल्द्वानी में आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 272/2026, धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी टीपीनगर उपनिरीक्षक मनोज कुमार, एसओजी के हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, कांस्टेबल अनिल टम्टा और एसओजी कांस्टेबल अशोक रावत शामिल रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

