रामगढ़ ब्लॉक के दो मोटर मार्गों के डामरीकरण को 1.56 करोड़ स्वीकृत, जल्द शुरू होगा कार्य: मंत्री कैड़ा

ख़बर शेयर करें

भवाली। रामगढ़ ब्लॉक अंतर्गत लंबे समय से खराब पड़े दो प्रमुख मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए शासन ने 1 करोड़ 56 लाख रुपये की स्वीकृति दे दी है। यह जानकारी क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दी। उन्होंने बताया कि सुरमाने बैंड से मल्ला गहना तथा शीतला से छतोला मोटर मार्ग की हालत काफी खराब हो चुकी थी, जिससे ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ होने से वाहन फंस जाते थे और लोगों की परेशानी और बढ़ जाती थी।
ग्रामीणों की मांग पर मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग लोनिवि के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद अब दोनों सड़कों के डामरीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि जल्द ही दोनों मोटर मार्गों पर डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार का कार्य लगातार किया जा रहा है।
क्षेत्र की जनता ने इस स्वीकृति पर मंत्री कैड़ा का आभार जताया है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page