सूर्या गाँव में अवैध होमस्टे पर बड़ा सवाल, ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी से जांच और कार्रवाई की उठाई मांग
भवाली। नैनीताल जिले में अवैध होटल और होमस्टे के खिलाफ जिला प्रशासन की लगातार कार्रवाई के बीच अब सातताल क्षेत्र के सूर्या गाँव से भी बड़ा मामला सामने आया है। गाँव के ग्राम प्रधान पंकज कुमार ने क्षेत्र में बड़ी संख्या में कथित रूप से अवैध रूप से संचालित हो रहे होमस्टे की जांच कर कार्रवाई की मांग उठाई है। ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्र और आसपास के इलाकों में कई होमस्टे बिना आवश्यक अनुमति और नियमों का पालन किए संचालित किए जा रहे हैं। इससे सरकार की होमस्टे योजना के वास्तविक लाभार्थियों को नुकसान पहुंच रहा है और नियमों का पालन करने वाले संचालकों के साथ भी अन्याय हो रहा है। उन्होंने बताया कि बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाने और अवैध होमस्टे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। ग्राम प्रधान पंकज कुमार का कहना है कि सरकार की होमस्टे योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार और स्वरोजगार उपलब्ध कराना है, लेकिन कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर अवैध तरीके से होमस्टे संचालित कर रहे हैं। उनके अनुसार क्षेत्र में सैकड़ों होमस्टे संचालित हैं, जिनमें से कई की वैधता की जांच आवश्यक है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि पूरे सातताल-सूर्या गाँव क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाकर बिना पंजीकरण अथवा नियमों के विपरीत संचालित होमस्टे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि पर्यटन व्यवस्था पारदर्शी बने और योजना का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंचे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

