पहली ही कोशिश में UGC-NET में शिवानी पुजारी ने हासिल की शानदार सफलता
काठगोदाम। काठगोदाम निवासी अधिवक्ता शिवानी पुजारी ने UGC-NET जून 2026 की परीक्षा में विधि विषय से सफलता हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से जारी स्कोरकार्ड के अनुसार शिवानी ने विधि विषय में 300 में से 182 अंक प्राप्त कर 97.69 परसेंटाइल हासिल किया है। उन्होंने Assistant Professor एवं Ph.D. में प्रवेश के लिए UGC-NET परीक्षा उत्तीर्ण की है।
UGC-NET की विधि विषय की परीक्षा में देशभर से 25,619 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। शिवानी ने अपनी पहली ही कोशिश में यह सफलता हासिल की है। वह वर्ष 2022 से अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस कर रही हैं और मुख्य रूप से उत्तराखंड उच्च न्यायालय में विधि व्यवसाय से जुड़ी हैं। इसी दौरान उन्होंने एलएलएम की पढ़ाई भी पूरी की। एलएलएम के अंतिम सेमेस्टर में अध्ययनरत रहते हुए उन्होंने UGC-NET की परीक्षा दी और पहले प्रयास में ही शानदार प्रदर्शन किया।
अपनी सफलता पर शिवानी पुजारी ने कहा कि यह उनके लिए खुशी और गर्व का क्षण है। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय परिवार, वरिष्ठ अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन और मित्रों के निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और शुभचिंतकों ने हमेशा उनका उत्साह बढ़ाया और कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
शिवानी की उपलब्धि पर परिवारजनों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पहली ही कोशिश में UGC-NET में सफलता को उनके विधि व्यवसाय के साथ-साथ अकादमिक क्षेत्र में आगे बढ़ने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

