काठगोदाम रोड पर डंडे लहराकर दहशत फैलाने वाले 15 युवक चिन्हित
08 बालिग पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई, 07 नाबालिगों की काउंसलिंग; वायरल वीडियो पर SSP का तत्काल एक्शन
हल्द्वानी। जन्माष्टमी पर्व की रात हल्द्वानी-काठगोदाम मार्ग पर वाहनों में सवार होकर डंडे लहराते हुए दहशत और अराजकता फैलाने का वीडियो वायरल होने के बाद नैनीताल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मामले का संज्ञान लेते हुए ASP/CO हल्द्वानी अमित सैनी को वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और वाहनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश के बाद प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान के नेतृत्व में चौकी प्रभारी काठगोदाम दिलीप कुमार ने पुलिस टीम के साथ वायरल वीडियो में प्रयुक्त वाहनों की पहचान करते हुए युवकों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कुल 15 युवकों को चिन्हित कर थाने लाया, जिनमें 08 बालिग और 07 नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आठों बालिग युवकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया। साथ ही वायरल वीडियो में प्रयुक्त वाहनों को सीज कर दिया गया।
पुलिस ने जिन बालिग युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है, उनमें दीप गोगोई, पारस सिंह, करन कुमार, हरि किशोर, कृष्णा सिंह, नितिन, मुकेश शर्मा और कमलेश सम्मल शामिल हैं।
नाबालिगों की काउंसलिंग, परिजनों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने सात नाबालिग युवकों के परिजनों को थाने बुलाकर काउंसलिंग की। साथ ही परिजनों के विरुद्ध भी पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया। पुलिस ने सभी युवकों और उनके परिजनों को भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति नहीं करने की सख्त हिदायत दी है।
अराजकता किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं : SSP
SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनपद में सार्वजनिक स्थानों पर भय का माहौल पैदा करने, अराजकता फैलाने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

