भीमताल में ई-रिक्शा संचालन की मांग, प्रमुख मार्गों पर रूट तय करने की उठी आवाज
बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को आवागमन में हो रही परेशानी का दिया हवाला
भीमताल। नगर में सार्वजनिक परिवहन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए व्यापारी नेता, समाजसेवी एवं भाजपा पदाधिकारी अखिलेश सेमवाल ने भीमताल के प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा संचालन शुरू करने की मांग उठाई है। उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से नगर के विभिन्न मार्गों का सर्वे कर ई-रिक्शा के लिए निर्धारित रूट तय करने की मांग की।
अखिलेश सेमवाल ने कहा कि भीमताल के कई क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की उचित सुविधा नहीं होने के कारण स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और विद्यार्थियों को उठानी पड़ती है। ऐसे में ई-रिक्शा का संचालन शुरू होने से लोगों को सुलभ और किफायती परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने तिकोनिया से डांट, तिकोनिया से चिकित्सालय, तिकोनिया से गोरखपुर चौराहा और तिकोनिया से सातताल चौराहा तक ई-रिक्शा संचालन शुरू करने की मांग की। उनका कहना है कि इन मार्गों पर नियमित ई-रिक्शा सेवा उपलब्ध होने से स्थानीय लोगों के साथ ही रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।
सेमवाल ने बताया कि भीमताल क्षेत्र में कई विद्यालय और कॉलेज संचालित हैं। इसके अलावा विकास भवन में करीब 26 सरकारी कार्यालय संचालित होते हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में कर्मचारी और आमजन अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं। सार्वजनिक परिवहन की कमी के कारण इन लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से नगर के प्रमुख मार्गों का सर्वे कर ई-रिक्शा संचालन की अनुमति देने और निर्धारित रूट तय करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा संचालन से लोगों की आवागमन संबंधी समस्याएं कम होने के साथ ही छोटे मार्गों पर पर्यावरण अनुकूल परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

