भीमताल-ढूंगशील मोटर मार्ग के डामरीकरण को 72.36 लाख रुपये स्वीकृत
धारी। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के भीमताल ब्लॉक में लंबे समय से खराब पड़े भीमताल-ढूंगशील मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए शासन ने 72 लाख 36 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। शासनादेश जारी होने के बाद अब मार्ग पर जल्द कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
मोटर मार्ग की हालत खराब होने के कारण ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती थी। ग्रामीणों ने मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा से की थी।
मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मार्ग की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शासन से 72.36 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के साथ ही शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। मंत्री ने अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद भीमताल-ढूंगशील मोटर मार्ग पर डामरीकरण एवं सुधारीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान और बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मंत्री ने मार्ग की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। वहीं क्षेत्रीय जनता ने भी सड़क के सुधारीकरण के लिए मंत्री कैड़ा का आभार व्यक्त किया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

