दूषित पानी से 80 फीसदी आबादी बीमार, जल संस्थान को लगाई फटकार
विकास भवन में मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने अधिकारियों के साथ की बैठक
भवाली। विकास भवन सभागार में सोमवार को मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री ध्रुव रौतेला ने जिले के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा की। बैठक में सीडीओ समेत जिले के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मंडल अध्यक्ष भवाली हिमांशु बिष्ट ने जोलीकोट, सरियाताल एवं गाजा क्षेत्र में दूषित पेयजल की समस्या का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि दूषित पानी की आपूर्ति के कारण क्षेत्र की करीब 80 फीसदी आबादी बीमारी की चपेट में आ गई है। लंबे समय से चली आ रही समस्या को लेकर उन्होंने जल संस्थान की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
मामला सामने आने पर जल संस्थान के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई और समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि मंगलवार को जल संस्थान एवं जल निगम के एई/एक्सईएन समेत संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर पेयजल समस्या का निरीक्षण करेंगे और उसके उचित निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पेयजल राज्य मंत्री दिनेश आर्य के भी मौके पर मौजूद रहने की बात कही गई है। अधिकारियों के मौके पर पहुंचने से क्षेत्रवासियों को दूषित पेयजल की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

