24 घंटे में चोरी का खुलासा, 15 लाख के जेवर बरामद
भवाली पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार, गाड़ी खरीदने के लिए चोरी किए थे आभूषण
भवाली। कोतवाली भवाली क्षेत्र के गैराड़ी लटवाल गांव में घर से चोरी हुए करीब 15 लाख रुपये कीमत के स्वर्ण आभूषणों का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार करते हुए चोरी किए गए करीब 12 तोला स्वर्ण आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं।गैराड़ी लटवाल निवासी उमा लटवाल पत्नी स्व. नारायण सिंह लटवाल ने 29 अगस्त को अपने घर से स्वर्ण आभूषण चोरी होने की शिकायत कोतवाली भवाली में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी, संदिग्धों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जितेन्द्र सिंह लटवाल उर्फ जित्तू (20) पुत्र पूरन सिंह लटवाल, निवासी गैराड़ी लटवाल को गिरफ्तार कर लिया।
गाड़ी खरीदने के लिए की थी चोरीपुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी किए गए स्वर्ण आभूषणों को बेचकर गाड़ी खरीदने की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही और कब्जे से चोरी किए गए सभी आभूषण बरामद कर लिए।
बरामद सामान में पीली धातु की दो जोड़ी पौंची, एक जोड़ी कान के झुमके, नथ, गोलोबंद, मांग-टीका और अंगूठी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद आभूषणों का कुल वजन करीब 12 तोला और अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये है।आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
एसएसपी ने पुलिस टीम को ढाई हजार का इनाम देने की घोषणा कीचोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने और शत-प्रतिशत बरामदगी करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम को ढाई हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक आसिफ खान, उपनिरीक्षक अरुण सिंह राणा, कांस्टेबल आनंद सिंह राणा, हरीश सिंह, प्रकाश चंद्र, मनीष पुनेठा, नरेंद्र मेहता, हेड कांस्टेबल लाल बाबू, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश और चालक आनंद सिंह कनवाल शामिल रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

