गरमपानी। नैनीताल जिले के बेतालघाट ब्लॉक के बसगांव निवासी एवं वर्तमान में दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र में रह रहे प्रशांत कुमार ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय सेना में अधिकारी बनकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पांच सितंबर 2026 को ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी ओटीए ( गया) में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर कमीशन प्रदान किया गया।प्रशांत कुमार ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय दिल्ली से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक की शिक्षा पूरी की। भारतीय सेना में SSC Tech Entry के माध्यम से अधिकारी बनने का लक्ष्य लेकर उन्होंने लगातार प्रयास जारी रखे। एसएसबी में उन्हें आठवें प्रयास में सफलता मिली। प्रयागराज में आयोजित एसएसबी प्रक्रिया में सफल होने के बाद उनका चयन सैन्य प्रशिक्षण के लिए ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी, गया में हुआ। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद पांच सितंबर को आयोजित पासिंग आउट परेड में उन्हें सेना में कमीशन प्रदान किया गया। कमीशन मिलने के बाद उनकी नियुक्ति 22 राजपूत रेजिमेंट में हुई है।
प्रशांत की इस उपलब्धि में उनके परिवार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके पिता दिल्ली पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। उनके छोटे भाई उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे हैं।आठवें प्रयास में एसएसबी में सफलता हासिल कर सेना में अधिकारी बनने तक प्रशांत का सफर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि लगातार प्रयास, धैर्य और असफलताओं से सीख लेकर लक्ष्य की ओर बढ़ने से सफलता हासिल की जा सकती है। उनके भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने पर क्षेत्रवासियों और परिचितों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

