फौजी वर्दी, फर्जी आर्मी आईडी और AI से मॉर्फ्ड फोटो, इंस्टाग्राम पर खुद को बताया पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर

ख़बर शेयर करें

फौजी वर्दी, फर्जी आर्मी आईडी और AI से मॉर्फ्ड फोटो, इंस्टाग्राम पर खुद को बताया पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर
हल्द्वानी। भारतीय सेना की वर्दी पहनकर और फर्जी आर्मी पहचान पत्र के साथ सोशल मीडिया पर खुद को पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताने वाले 20 वर्षीय युवक का नैनीताल पुलिस की एसओजी टीम ने पर्दाफाश किया है। युवक ने इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से भारतीय सेना के अधिकारियों की तस्वीरों को मॉर्फ कर अपनी फोटो तैयार की और उन्हें इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। पुलिस के अनुसार, युवक का भारतीय सेना में कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारियों ने एक सितंबर को एसओजी कार्यालय हल्द्वानी में मामले की सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में टीम ने संबंधित मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर युवक की तलाश शुरू की।
लोकेशन के आधार पर युवक के गोरापड़ाव स्थित एक पेंट कंपनी के गोदाम में काम करने की जानकारी मिली। पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि उसने इंटरनेट और सोशल मीडिया से भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली तस्वीरें प्राप्त की थीं। इसके बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और गूगल जेमिनी की सहायता से मॉर्फ्ड तस्वीरें तैयार कर इंस्टाग्राम पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर प्रदर्शित किया।
पुलिस के मुताबिक, युवक ने पूछताछ में बताया कि सोशल मीडिया पर फॉलोइंग बढ़ाने और युवतियों को प्रभावित करने के उद्देश्य से उसने यह पूरा खेल रचा था। एसओजी टीम ने उसके मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली फोटो और वीडियो के साथ एक फर्जी प्रतीत होने वाला आर्मी आइडेंटिटी कार्ड भी मिला।
दो मोबाइल और फर्जी आर्मी आईडी बरामद
एसओजी ने युवक के कब्जे से दो स्मार्ट मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली फोटो व वीडियो तथा फर्जी प्रतीत होने वाला आर्मी आइडेंटिटी कार्ड बरामद किया है।
मामले में भारतीय सेना के अधिकारी का प्रतिरूपण कर फर्जी पहचान प्रदर्शित करने और धोखाधड़ी के आरोप में कोतवाली हल्द्वानी में धारा 168, 318(3) और 319(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिरासत में लिया गया युवक रोहित सिंह मेहता पुत्र खुशाल सिंह मेहता, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी ग्राम कानीकोट, तहसील पाटी, चम्पावत, हाल निवासी गोरापड़ाव, हल्द्वानी है।
पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन, हेड कांस्टेबल कुंदन कठैत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, कांस्टेबल अशोक सिंह रावत और कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह ज्येष्ठा शामिल रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page