गौलापार में घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, पति के हमले में पत्नी की मौत
फावड़े के हत्थे से सिर पर किया वार, इलाज के दौरान तोड़ा दम; मृतका का लालकुआं में है मायका
हल्द्वानी। गौलापार के देवला तल्ला पजाया क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते पति द्वारा पत्नी के सिर पर फावड़े के हत्थे से किए गए हमले के बाद महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका का मायका लालकुआं में बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार देवला तल्ला पजाया गौलापार निवासी 56 वर्षीय महेंद्र सिंह रावत किसान है। उसका 45 वर्षीय पत्नी नीलम रावत से आए दिन विवाद होता रहता था। सोमवार दोपहर भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर महेंद्र ने कथित तौर पर फावड़े के हत्थे से नीलम के सिर पर वार कर दिया।
सिर में गंभीर चोट लगने से नीलम मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ी। घटना के बाद आरोपी पति ने स्वयं पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए एसटीएच पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने नीलम को हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
काठगोदाम थानाध्यक्ष जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि मृतका की बहन की तहरीर पर आरोपी पति महेंद्र सिंह रावत के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लालकुआं में है मायका, परिजनों में मचा कोहराम
नीलम रावत का मायका लालकुआं में है। उसकी मौत की खबर मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

