औद्योगिक क्षेत्र से डंपिंग जोन हटाने की मांग, व्यापारी नेता अखिलेश सेमवाल ने उठाई आवाज
भीमताल। पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 8 और 9 स्थित औद्योगिक क्षेत्र में बनाए गए डंपिंग जोन को हटाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। व्यापारी नेता, समाजसेवी एवं भाजपा पदाधिकारी अखिलेश सेमवाल ने पालिका प्रशासन एवं जिला प्रशासन से जनहित को देखते हुए डंपिंग जोन को तत्काल हटाने की मांग की है।
अखिलेश सेमवाल ने कहा कि आबादी वाले क्षेत्र के बीच डंपिंग जोन बनाए जाने से स्थानीय लोगों के साथ ही विकास भवन परिसर स्थित आवासीय भवनों में रहने वाले कर्मचारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कूड़ा एकत्रित होने से क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल रही है, जिससे लोगों को असुविधा हो रही है।
उन्होंने कहा कि खुले में पड़े कूड़े को आवारा पशु खा रहे हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। वहीं, खुले मैदान में कूड़ा बिखरा रहने से क्षेत्र की स्वच्छता, सुंदरता और पर्यावरण भी प्रभावित हो रहा है।
सेमवाल ने कहा कि आबादी और आवागमन वाले क्षेत्र में डंपिंग जोन होना उचित नहीं है। यहां से गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को दुर्गंध एवं गंदगी के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वार्ड नंबर 9 के औद्योगिक क्षेत्र से डंपिंग जोन को शीघ्र हटाकर आबादी से दूर कूड़ा निस्तारण की उचित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

