आरटीओ कार्यलय गोलीकांड मामले में मुकदमा दर्ज

ख़बर शेयर करें

आरटीओ कार्यालय में चली गोली, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी। आरटीओ कार्यालय में मंगलवार को गोली चलने की घटना से हड़कंप मच गया। गोली कार्यालय में रखी अलमारी को पार करते हुए फाइलों में जा धंसी। गनीमत रही कि घटना के समय कोई कर्मचारी गोली की चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया। मामले में चौकी प्रभारी दीपा जोशी की तहरीर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी महेंद्र सिंह नेगी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को आरटीओ कार्यालय में अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इससे कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि गोली अधिकारी की पिस्टल से चली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
बताया जा रहा है कि कार्यालय में पटल परिवर्तन को लेकर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नाराज चल रहे थे। इसी दौरान उनकी पिस्टल से गोली चलने की बात सामने आई है। हालांकि गोली किन परिस्थितियों में चली, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद संबंधित अधिकारी के मौके से चले जाने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय उनके पास हथियार कैसे था और गोली चलने की पूरी परिस्थितियां क्या थीं।
चौकी प्रभारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और कार्यालय कर्मचारियों से भी जानकारी ले रही है। जांच पूरी होने के बाद ही गोली चलने की वजह और घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page