अलचौना में ककड़िया नाले का कहर, 23 परिवारों के 50 सदस्य सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट
भीमताल। विकासखंड भीमताल के अंतर्गत अलचौना ग्रामसभा के तोक पांडेछोड़ में अत्यधिक बारिश के चलते ककड़िया नाले में भारी मात्रा में पानी और मलबा आने से अफरा-तफरी मच गई। नाले का पानी और मलबा कई घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया।
प्रशासन के अनुसार, प्रभावित 23 परिवारों के कुल 50 सदस्यों को सुरक्षा की दृष्टि से अन्यत्र स्थित सुरक्षित घरों में पहुंचाया गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा जा रहा है।
उपजिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खलीक के निर्देश पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने प्रभावित परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई। प्रभावित 23 परिवारों के 50 सदस्यों के लिए लंच और डिनर उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को 35 राशन किट एवं अन्य राहत सामग्री भी वितरित की गई।
वहीं, उपजिलाधिकारी के निर्देश पर मलुआताल ग्रामसभा के छह प्रभावित परिवारों को भी खाद्य विभाग की ओर से राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। प्रशासन की टीम प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में नालों और गधेरों के उफान पर आने से खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने प्रभावित लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

