भवाली, संवाददाता। नगर के श्यामखेत क्षेत्र में सोमवार शाम एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन और आसपास के लोगों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार अनुज कुमार (37), निवासी पीलीभीत (उत्तर प्रदेश), श्यामखेत क्षेत्र में अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ रहकर मजदूरी का कार्य करता था। सोमवार शाम वह श्यामखेत में एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा था। इसी दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन फानन में उसे सीएचसी भवाली लाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सीएचसी भवाली के चिकित्सक डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

