बाबा नीम करौली वरिष्ठ नागरिक गृह में बुजुर्गों के लिए शुरू हुई योग कक्षाएं
हल्द्वानी। श्री आनंद आश्रम द्वारा संचालित बाबा नीम करौली वरिष्ठ नागरिक गृह में बुजुर्गों के स्वास्थ्य और मानसिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से नियमित योग कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।
पार्क एवेन्यू कॉलोनी, सिविल लाइन, सौरभ होटल के निकट नैनीताल रोड स्थित वृद्धाश्रम को मई माह के प्रथम सप्ताह में रामपुर रोड गोरा पड़ाव बाईपास क्षेत्र से यहां स्थानांतरित किया गया था। वर्तमान में आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को प्रसिद्ध योग प्रशिक्षक बीना पांडे के मार्गदर्शन में योग कराया जा रहा है।
आश्रम की अध्यक्ष कनक चंद ने बताया कि बीना पांडे को विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को योग प्रशिक्षण देने के लिए चुना गया है। उन्होंने बताया कि बीना जिला स्तर पर स्वर्ण और राज्य स्तर पर कांस्य पदक विजेता रह चुकी हैं तथा उन्हें योग प्रशिक्षण का पांच वर्षों का अनुभव है।
बीना पांडे ने राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय से योग में डिग्री प्राप्त की है। इसके अलावा उन्होंने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय और एरीज में भी योग प्रशिक्षण का अनुभव प्राप्त किया है। जिला और राज्य स्तर की योग प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभाने के साथ-साथ उनके प्रशिक्षित छात्र जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर चुके हैं।
योग प्रशिक्षक बीना पांडे बुजुर्गों को उनकी क्षमता के अनुरूप सावधानीपूर्वक योग सिखा रही हैं। उनके मधुर व्यवहार और कुशल प्रशिक्षण से आश्रमवासी उत्साहपूर्वक योग में भाग लेकर लाभ उठा रहे हैं। सभी योग कक्षाएं आश्रम की अध्यक्ष कनक चंद की उपस्थिति और मार्गदर्शन में संचालित की जा रही हैं।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

