भवाली। सुर्यागांव क्षेत्र में वन विभाग द्वारा पेड़ों के कटान को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने चीड़ के साथ-साथ बांज और सदाबहार प्रजाति के पेड़ों को काटे जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि फायर लाइन के नाम पर सीमित क्षेत्र में ही पेड़ काटे जाने चाहिए थे, लेकिन इससे अधिक स्थानों पर कटान किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना के गांव के आसपास कई पेड़ काट दिए गए, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचा है। इस संबंध में ग्राम प्रधान पंकज कुमार ने कहा कि ग्रामीणों को इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब फायर लाइन के लिए सीमित जगह निर्धारित थी तो अन्य स्थानों पर पेड़ क्यों काटे गए।
वहीं, वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि जंगलों को आग से बचाने के लिए फायर लाइन का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फायर लाइन के दायरे में जो पेड़ आ रहे हैं, उन्हें नियमानुसार हटाया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य जंगलों को आग से सुरक्षित रखना है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

