हल्द्वानी और लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में वर्ष 2021 में लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले शातिर वारंटी को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को संयुक्त पुलिस टीम ने दबिश देकर पकड़ा।
कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता और कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर राजस्थान के थाना कामा, जिला डीग में कार्रवाई की। आरोपी इमरान पुत्र रईस, निवासी गदरवास, थाना खोह, जिला डीग (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया, जो काफी समय से अपनी पहचान छिपाकर गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हल्द्वानी और लालकुआं में साइबर ठगी के मुकदमे दर्ज हैं। वह न्यायालय में लगातार गैरहाजिर चल रहा था, जिसके चलते उसके खिलाफ वारंट जारी हुआ था। कोतवाली हल्द्वानी में वाद संख्या 2110/2021 और कोतवाली लालकुआं में वाद संख्या 2119/2021, धारा 420, 120 बी आईपीसी व 66 आईटी एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, हल्द्वानी क्षेत्र में आरोपी ने 48 हजार रुपये की ठगी की थी, जबकि लालकुआं में सेंचुरी पेपर मिल के एक श्रमिक से 1 लाख 3 हजार 118 रुपये की साइबर ठगी की गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई बार राजस्थान गई, लेकिन वह हर बार बच निकलता था। इस बार संयुक्त टीम ने उसे दबोचने में सफलता हासिल की। गिरफ्तारी टीम में मंगल पड़ाव चौकी प्रभारी गौरव जोशी, कांस्टेबल संतोष बिष्ट, कोतवाली लालकुआं से अपर उप निरीक्षक प्रेम नेगी तथा कांस्टेबल आनंद पुरी आदि रहे।
फोटो कैप्शन: राजस्थान से गिरफ्तार किया गया साइबर ठगी का आरोपी इमरान।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

