भवाली में नंदा देवी महोत्सव पर बदलेगा यातायात प्लान, 16 और 23 सितंबर को भारी व यात्री वाहनों के बाजार में प्रवेश पर रोक, वैकल्पिक मार्गों से होगा संचालन

ख़बर शेयर करें

भवाली। मां नंदा देवी महोत्सव के तहत 16 सितंबर को कदली वृक्ष स्थापना दिवस और 23 सितंबर को डोला विसर्जन व झांकी के दौरान भवाली में श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस ने यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। दोनों तिथियों पर भवाली बाजार क्षेत्र में भारी और यात्री वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। स्थानीय और अधिकृत वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार नियंत्रित तरीके से प्रवेश दिया जाएगा।
रामगढ़ और घोड़ाखाल की ओर से आने वाले वाहनों को जरूरत पड़ने पर श्यामखेत से घोड़ाखाल मंदिर, घोड़ाखाल तिराहा और नैनी बैंड प्रथम होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। खैरना-कैंची की ओर से आने वाले वाहनों को शिप्रा पुल से सैनेटोरियम बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
नैनीताल-ज्योलीकोट की ओर से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंचीधाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड द्वितीय से सैनेटोरियम बाईपास होते हुए शिप्रा पुल की ओर भेजा जाएगा। वहीं भीमताल की ओर से आने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास के रास्ते शिप्रा पुल की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार एंबुलेंस, अग्निशमन, पुलिस, आपदा राहत-बचाव तथा दूध व आवश्यक खाद्य सामग्री से जुड़े वाहनों के लिए निर्बाध कॉरिडोर उपलब्ध रहेगा। वाहन चालकों से नगरपालिका मैदान और रोडवेज पार्किंग में ही वाहन खड़े करने की अपील की गई है। मुख्य बाजार और आयोजन स्थल के आसपास सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
भीड़ और यातायात का दबाव अधिक होने पर वाहनों को चरणबद्ध तरीके से रोका या डायवर्ट किया जाएगा। डायवर्जन प्वाइंट, तिराहों, आयोजन स्थल और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस व यातायात बल तैनात रहेगा। यह व्यवस्था 16 और 23 सितंबर को कार्यक्रम व भीड़ की स्थिति के अनुसार प्रभावी रहेगी।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page